महिलाओं को निकलते ही सुननी पड़ती हैं फब्तियाँ व अश्लीलता भरे तंज!
आम नागरिक क्या पुलिस ही नही रही सुरक्षित
फतेहपुर। जनपद में थाना राधानगर क्षेत्र स्थित जयराम नगर चौराहा आजकल शराबियों की अराजकता के कारण खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यहां शराबियों का आतंक सिर चढ़ कर बोल रहा है। अराजकता का अड्डा बने चौराहे से महिलाओं व बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। यहाँ से महिलाओं के निकलते ही शराबी फब्तियाँ व अश्लीलता भरे तंज कसते है। मुख्य चौराहा होने के कारण दिन भर यहाँ से महिलाओं का आना-जाना लगा रहता है।
बता दें कि चौराहे स्थित शराब के ठेके पर शराबियों का जमावड़ा दिनभर लगा रहता है। पर जैसे-जैसे शाम ढलती है शराब के शौकीनों की भीड़ बढ़ती है। अधिकतर तो खरीदने के बाद वहीं सड़क पर ठेके के बाहर ही पीने लगते हैं। जबकि ठेके से चंद कदम दूर जयरामनगर पुलिस चौकी स्थित है तो वहीं थोड़ी ही दूरी पर चांदमारी में पुलिस अधिकारियों के व पुलिस लाइन में कर्मचारियों के आवास बने हुए हैं।
वहीं थोड़ी ही दूर पुलिस अधीक्षक का कार्यालय भी स्थित है। जिससे इस चौराहे पर दिन-रात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का आवागमन बना रहता है। फिर भी यहाँ शराबियों की हरकतों पर जरा भी अंकुश नही है। हर समय शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। यहाँ सड़क पर खुलेआम पीते नशेड़ी अक्सर दिखते हैं। जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है। शराबियों का जमावड़ा, हुड़दंग और नशेबाजी की घटनाएं होने से शराब के ठेके के आसपास कानून व्यवस्था की धज्जियाँ अक्सर उड़ती हैं। जिससे महिलाओं और बच्चों के लिए असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है, और सामाजिक माहौल खराब होता है। चौराहे पर हो रही खुलेआम अराजकता के चलते लोगों में प्रशासन के खिलाफ जबदस्त आक्रोश है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस चौराहे की सच्चाई ये है कि यहां शराबियों के आगे क्षेत्रीय चौकी व थाने कि पुलिस भी बेबस नजर आती है, क्योंकि यहाँ शराबियों द्वारा पुलिस कर्मियों से भी अक्सर अभद्रता कर दी जाती है। आलम ये है कि शराब के ठेके के पास क्षेत्रीय चौकी-थाने के पुलिसकर्मी शाम को जाने से कतराते हैं। हाल ही में इसी शराब के ठेके से शराब पीकर निकले तीन शराबियों द्वारा क्षेत्रीय पुलिस चौकी के कर्मियों से जमकर बदसलूकी की गई थी। तब सूचना पर पहुंची थाना राधानगर की पुलिस टीम ने मौके से शराबियों को कड़ी मशक्कत के बाद काबू किया था और साथ ले गई थी हालांकि फिर छुटपुट कार्रवाई कर इतिश्री भी कर ली थी। आज देर शाम भी एक खाकीधारी से शराब ठेके के आगे बांदा सागर मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा अभद्रता करे जाने की चर्चा रही।
वहीं चौराहे के आस-पास के निवासियों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि हल्की-फुल्की कार्रवाई से शराब पीकर अराजकता फैलाने वाले और मनबढ़ हो गए हैं। इसलिए पुलिस को इनपर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे माहौल में सुधार हो सके। क्योंकि जब पुलिस ही असुरक्षित हो जाएगी तो आम नागरिकों के साथ क्या नही होगा?










