जयपुर, राजस्थान। राजस्थान के सीकर में खेत की खुदाई के दौरान मिली बम जैसी संदिग्ध वस्तु, पुलिस ने सील किया एरिया जयपुर से बुलाई जांच टीम
06 फरवरी शुक्रवार 2026. राजस्थान के सीकर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रीको इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक खेत में खुदाई के दौरान बम जैसी संदिग्ध वस्तु बरामद हुई. इस खबर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जेसीबी की खुदाई में निकला ‘खतरा
जानकारी के अनुसार, खेत में रास्ता बनाने के लिए जेसीबी से खुदाई का काम चल रहा था। जब खुदाई करीब 10 फीट गहरी हुई, तब मिट्टी के बीच धातु की एक वस्तु दिखाई दी। यह वस्तु देखने में बिल्कुल हैंड ग्रेनेड या बम के खोल (शेल) जैसी लग रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
गड्ढे को पत्थरों से ढकवा दिया गया है
रात करीब 11:30 बजे सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश कुमार बुडानिया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत सुरक्षा घेरा बनाया और एहतियात के तौर पर गड्ढे को पत्थरों से ढकवा दिया है।
इलाका सील, जयपुर से बुलाई एक्सपर्ट टीम
SHO बुडानिया ने बताया, ‘फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मिली हुई वस्तु वास्तव में क्या है और कितनी पुरानी है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में जाब्ता तैनात कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर से बम निरोधक विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है, जिनकी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।’ फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और विशेषज्ञों की टीम का इंतजार किया जा रहा है ताकि इस बमनुमा वस्तु की पहचान कर उसे सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके।










