त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। “कॉकरोच नहीं, सेवार्थ विद्यार्थी बनिए”: अभाविप के सेवार्थ विद्यार्थी (SFS) इकाई द्वारा शीतल पेयजल वितरण कार्यक्रम संपन्न। सेवार्थ विद्यार्थी इकाई, इलाहाबाद विश्वविद्यालय द्वारा आज दिनांक 22 मई 2026 को भीषण गर्मी से जनसामान्य को राहत प्रदान करने हेतु एक विशाल शीतल पेयजल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पुनीत सेवा कार्य के माध्यम से लगभग 2000 से अधिक राहगीरों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों को शीतल पेयजल वितरित कर तृप्त किया गया।
इस सेवा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मात्र भीषण गर्मी में राहत पहुँचाना ही नहीं, बल्कि युवाओं एवं विद्यार्थियों के भीतर सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रहित की भावना को प्रबल करना था। कार्यक्रम की थीम “कॉकरोच नहीं, सेवार्थ विद्यार्थी बनिए” रखी गई, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि उनका जीवन केवल व्यक्तिगत स्वार्थ या संकुचित दायरे तक सीमित नहीं है, अपितु समाज और राष्ट्र के प्रति उनका दायित्व सर्वोपरि है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि एक सच्चे विद्यार्थी की पहचान उसकी शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ समाज के प्रति उसके समर्पण से होती है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से SFS काशी प्रांत प्रमुख डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है। अभाविप इलाहाबाद इकाई अध्यक्ष हिमांशु पांडेय ने कहा कि विद्यार्थी शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। इस अवसर पर इकाई छात्रा सह प्रमुख सोनाली दास एवं इकाई सह मंत्री सुनील बिश्नोई ने भी अपने विचार साझा करते हुए सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखर पांडेय, आशुतोष मिश्रा, युवराज सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अत्यंत सराहनीय एवं सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने भविष्य में भी निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करते रहने का संकल्प लिया।










