डीएम डॉ. अमित पाल ने बुधवार को बट बंधुरी रसूलीपुर माइनर का किया औचक निरीक्षण
कौशांबी। किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को बट बंधुरी रसूलीपुर माइनर का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान माइनर में पानी का प्रवाह नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई और मौके से ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई से दूरभाष पर वार्ता कर स्पष्ट निर्देश दिए कि रोस्टर के अनुसार नहरों का नियमित एवं प्रभावी संचालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता, लघु सिंचाई एवं परियोजना निदेशक, डीआरडीए को संयुक्त रूप से बट बंधुरी रसूलीपुर माइनर के संचालन का स्थलीय सत्यापन कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से सिंचाई विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नहर संचालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी, जबकि किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।










