नई IRCTC वेबसाइट का बीटा ट्रायल आज रात 9 बजे से, नई IRCTC वेबसाइट के बीटा संस्करण का शुभारंभ आज रात 2100 बजे
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। आज रात्रि 2100 बजे से नए IRCTC वेबसाइट का बीटा संस्करण उपलब्ध होगा। नागरिकों को नई वेबसाइट के स्वरूप एवं उपयोगकर्ता अनुभव (User Experience) का अनुभव कराने तथा इसकी विशेषताओं पर उनके सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से आज रात्रि 2100 बजे IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा संस्करण लॉन्च किया जा रहा है।
इसे निम्नलिखित लिंक पर एक्सेस किया जा सकता है:
https://www.irctc.co.in/eticket/.
बीटा संस्करण का लिंक वर्तमान IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी उपलब्ध कराया गया है।
वेबसाइट में किए गए इन सुधारों के सुझाव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के विद्यार्थियों द्वारा माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई बातचीत के दौरान दिए गए थे।
IRCTC की वेबसाइट पहली बार वर्ष 2002 में शुरू की गई थी। वर्तमान में इस वेबसाइट के माध्यम से प्रतिदिन औसतन लगभग 14.5 लाख टिकट बुक किए जाते हैं। नई वेबसाइट में अधिक स्वच्छ (Clean) यूज़र इंटरफेस तथा सरल उपयोगकर्ता अनुभव (Simplified User Experience) उपलब्ध कराया गया है।
बीटा संस्करण में चार प्रमुख सुधार किए गए हैं:
1. कैप्चा: अनावश्यक कैप्चा नहीं, अनावश्यक पॉप-अप नहीं, फ्लैशिंग ग्राफिक्स नहीं तथा ध्यान भटकाने वाले तत्व नहीं।
2. सीट उपलब्धता: सभी श्रेणियों (Classes) में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी।
3. तेज़ चेकआउट: टिकट बुकिंग के लिए आवश्यक चरणों (Steps) की संख्या कम की गई है।
4. दोबारा बुकिंग में सुविधा: यात्रियों का विवरण (Passenger Details) सुरक्षित (Saved) रखने की सुविधा।
वेबसाइट के डिज़ाइन की प्रक्रिया में विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया था, जिन्होंने इसके स्वरूप एवं उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। प्राप्त सुझावों के आधार पर वेबसाइट का नया संस्करण परीक्षण (Trial) के लिए तैयार किया गया है।
बीटा संस्करण के माध्यम से उपयोगकर्ता अपने सुझाव एवं प्रतिक्रिया (Feedback) दे सकेंगे, जिनके आधार पर आगामी संस्करणों में आवश्यक सुधार किए जाएंगे, जिससे ग्राहक संतुष्टि को और बेहतर बनाया जा सके।
शीघ्र ही IRCTC की नई वेबसाइट को विकसित किए जा रहे नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (Passenger Reservation Engine) के साथ भी एकीकृत (Integrate) किया जाएगा।
चूंकि पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन का भी समानांतर रूप से आधुनिकीकरण किया जा रहा है, इसलिए नया पूर्णतः कार्यात्मक IRCTC पोर्टल आगामी कुछ सप्ताहों में उपलब्ध होगा।
साथ ही, विभिन्न ट्रेन बुकिंग ऐप्स को संचालित करने वाले दशकों पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन का भी व्यापक उन्नयन किया जा रहा है। यह कार्य इसलिए अधिक जटिल था क्योंकि उन्नयन की पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रणाली का निरंतर संचालन भी सुनिश्चित करना आवश्यक था। नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी शीघ्र ही लॉन्च किया जाएगा।
IRCTC अपने सभी उपयोगकर्ताओं से अनुरोध करता है कि वे नई वेबसाइट के डिज़ाइन एवं सुविधाओं के संबंध में अपने बहुमूल्य सुझाव एवं प्रतिक्रिया अवश्य दें, जिससे वेबसाइट को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जा सके।










