त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए आपसी सौहार्द जरूरी- सुधीर कुमार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोक निर्माण विभाग, प्रयागराज में मुख्य अभियंता सुधीर कुमार ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक बलिदानों के बाद मिली है, इसलिए देश की एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता सतीश चंद्र ने राष्ट्रगीत “सुजलाम् सुफलाम्…” का गायन कर कार्यक्रम में देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण बनाया। उन्होंने कला एवं संगीत के प्रति लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति और कला भी राष्ट्र की पहचान एवं गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
अधीक्षण अभियंता नरेश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि सड़क सुरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो यह भी राष्ट्रभक्ति का एक महत्वपूर्ण रूप है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।
कर्मचारी नेता रविशंकर मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि विभागीय दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी भी हमारी जिम्मेदारी है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सहायता कर उसे समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करना ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति तभी सार्थक होगी, जब विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम का संचालन स्टेनो धारा सिंह पटेल ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार यादव, दिनेश सिंह, अरविंद शर्मा, सुनील कुमार यादव, लकी मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद, वेद प्रकाश,मनोज कुमार, उद्धव श्याम, विकास केशरवानी, अफजाल, राधारानी, फूलचंद यादव अध्यक्ष कर्मचारी संघ सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और देश के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।










