ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
डॉ. कैलाशनाथ काटजू मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संस्थान, भोपाल की नोडल एवं सेंटर हेड डॉ रचना दुबे ने बताया कि 8 सितम्बर 2026 को विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर संस्थान में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भावस्था एवं प्रसवोत्तर अवधि में महिलाओं के स्वास्थ्य, शारीरिक सक्रियता एवं फिजियोथेरेपी व्यायाम के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में डॉ. रचना दुबे ने उपस्थित मरीजों एवं अटेंडर्स को संबोधित करते हुए गर्भवती महिलाओं एवं प्रसव पश्चात माताओं के लिए नियमित एवं उचित फिजियोथेरेपी एक्सरसाइज के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ की सलाह एवं उचित मार्गदर्शन में किए जाने वाले व्यायाम गर्भावस्था के दौरान शारीरिक स्वास्थ्य एवं आराम बनाए रखने में सहायक होते हैं तथा प्रसव के बाद शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।डॉ. दुबे ने महिलाओं को अपनी दिनचर्या में सुरक्षित शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने, सही पोस्चर अपनाने तथा आवश्यकता के अनुसार फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ बलराम उपाध्याय, समस्त चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त अस्पताल कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा गर्भावस्था एवं प्रसवोत्तर स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।









