ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्य प्रदेश
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की समीक्षा करते हुए डेंगू नियंत्रण के लिए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को हॉट स्पॉट क्षेत्रों का संयुक्त सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। खाली प्लॉट में जलभराव और गंदगी पाए जाने पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई करने को भी कहा गया। फंदा एवं बैरसिया विकासखंड में सुमन पंचायत के प्रभावी क्रियान्वयन, गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत आभा आईडी निर्माण में तेजी लाने और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आधार पंजीयन का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की नियमित निगरानी करने तथा सभी पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।









