ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्य प्रदेश
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा है कि भोपाल को महिलाओं एवं वृद्धजनों के लिए सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत चुनाभट्टी एवं हबीबगंज क्षेत्र के चार वार्डों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी। कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण, सुरक्षा एवं कल्याण संबंधी जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं वृद्धजनों की सामाजिक सुरक्षा, देखरेख और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग एवं संस्थाएं समन्वित प्रयास करें।अभियान के अंतर्गत वार्ड स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा। इन समितियों में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ने अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।









