ब्यूरो चीफ एस.के. सिंह की रिपोर्ट
बलिया। मनियर इंटर कॉलेज के मैदान में सलेमपुर से भाजपा प्रत्याशी रवीन्द्र कुशवाहा के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में पांच चरण का चुनाव हो चुका हैं। छठा चरण हो रहा है। 4 जून को जब नतीजे आएंगे तो दिल्ली के सिंहासन पर कोई राम भक्त ही बैठेगा। 400 पार के नारे को सुनकर सपा और कांग्रेस के नेताओं को चक्कर आने लगता है, क्योंकि दोनों मिलकर भी 400 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव का नतीजा आने के बाद गठबंधन का बिखराव तय है। कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक असम के कामरूप से लेकर गुजरात के कच्छ तक सिर्फ एक ही स्वर गूंज रहा है जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे।
बलिया लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के पक्ष में बाबा लक्ष्मण दास द्वाबा राष्ट्रीय इंटर कालेज के मैदान में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिया पहचान के अभाव में नही है। यहां के लोग जागरूक है। इस देश का 1947 में धर्म के आधार पर विभाजन हो चुका है। मुसलमानों को आरक्षण देने की घोषणा करने वालों को आप उखाड़ फेंकें। यही कहने आपके बीच आया हूं। कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की सरकार ने मुसलमानों को धर्म के आधार पर आरक्षण दिया था। उच्च न्यायालय ने उसे रद्द कर दिया। ममता बनर्जी कह रही है, वह कोर्ट आदेश नहीं मानेगी। इसी तरह से कांग्रेस, सपा, बसपा धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण देने की बात कह रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों बाद हमारी सरकार ने अयोध्या के भव्य मंदिर में रामलला को बिराजमान किया। मैं आप से पूछना चाहता हूं, क्या कांग्रेस या सपा अथवा बसपा की सरकार होती तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनता ? कहा कि 23 करोड़ की पाकिस्तान की आबादी भूख से मर रही है। हमारी सरकार 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन दे रही है।इंडी गठबंधन के लोग पाकिस्तान के पास एटम बम होने की बात कह कर डरवा रहे है। मोदी के नेतृत्व का यह आधुनिक भारत है, हम किसी को छेड़ेंगे नहीं जो छेड़ेगा उसे छोड़ेंगे नहीं।
कांग्रेस और सपा की सरकार में दंगे होते थे। देश में चारों तरफ विस्फोट होते थे। आतंकवाद रोकने में सरकार विफल थी। कांग्रेस और सपा में इच्छा शक्ति का अभाव था। वह इस समस्या का समाधान नहीं चाहते थे और सिर्फ बहाने बनाते थे, लेकिन आज यह सभी समाप्त हो रहा है। अगर विपक्ष की सरकार बनी तो फिर प्रदेश में साम्प्रदायिक दंगे होंगे। माफिया व अपराधियों का बोलबाला होगा, जिन्हें मैंने रौंदा है। ऐसे लोगों को वोट देकर पुनर्जीवित करने का पाप न करें।