टीएन शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आपरेशन नन्हे फ़रिश्ते, आपरेशन सेवा, आपरेशन रक्षा, मेरी सहेली, आपरेशन डिग्निटी, आपरेशन उपलब्ध जैसे कई अभियानों के माध्यम से रेल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा प्रदान करती है और लोगों के जीवन भी बचाती है।
दरअसल 31 मई को रेलवे सुरक्षा बल/प्रयागराज के कांस्टेबल मान सिंह प्रयागराज जंक्शन पर ड्यूटी पर तैनात थे। गाड़ी संख्या 14117, प्रयागराज-भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस 15:50 बजे प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 6 से गंतव्य के लिए रवाना हुयी।
चलती गाड़ी में चढ़ने के प्रयास में एक पुरुष एवं एक महिला यात्री गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच में आ गये। कांस्टेबल मान सिंह ने त्वरित प्रयास कर अपनी सूझ बूझ और बहादुरी से यात्रियों को प्लेटफार्म की ओर खींचकर उनकी जान बचा ली। इसी दौरान किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर गाड़ी को रोक दिया। महिला यात्री प्रयागराज से कन्नौज के लिए जा रही थी। दोनों यात्रियो को किसी प्रकार की कोई चोट नहीं आयी और उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी।