प्रयागराज मण्डल में स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया गया।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट

प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस -2025 के अवसर पर राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान के क्रम में आज दिनांक 01.08.2025 को प्रयागराज मण्डल के अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य, संजय सिंह के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया गया। प्रयागराज मण्डल में यह स्वच्छता पखवाड़ा 01/08/2025 से 15/08/2025 तक मनाया जाएगा। इस शपथ कार्यक्रम में अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इंफ्रा, नवीन प्रकाश; अपर मण्डल रेल प्रबंधक/परिचालन, मुबश्शिर वारिस एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

स्वच्छता अभियान के पहले दिन मण्डल कार्यालय में आयोजित शपथ समारोह में समस्त कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति शपथ के साथ जागरूक किया और यह अपील की गयी कि भारत सरकार 15 दिवसीय स्वच्छता अभियान को प्रयागराज मण्डल के सभी स्टेशनों पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को आत्मसात करना जिससे रेलवे एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों को साफ़-सुथरा व स्वच्छ बनाना सभी का कर्तव्य है।

अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य, संजय सिंह ने स्वच्छता के प्रति स्वयं एवं मंडल कार्यालय के सभी कर्मचारियों को शपथ दिलायी कि “महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था उसमें सिर्फ राजनैतिक आजादी ही नहीं थी, बल्कि एक स्वच्छ एवं विकसित देश की कल्पना भी थी। महात्मा गांधी ने गुलामी की जंजीरों को तोड़कर माँ भारती को आज़ाद कराया। अब हमारा कर्तव्य है कि गंदगी को दूर करके भारत माता की सेवा करें। मैं शपथ लेता हूं कि मैं स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहूंगा और उसके लिए समय दूंगा। हर वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करके स्वच्छता के इस संकल्प को चरितार्थ करूंगा। मैं न गंदगी करूंगा न किसी और को करने दूंगा। सबसे पहले मैं स्वयं से, मेरे परिवार से, मेरे मुहल्ले से, मेरे गांव से एवं मेरे कार्यस्थल से शुरुआत करूंगा। मैं यह मानता हूं कि दुनिया के जो भी देश स्वच्छ दिखते हैं उसका कारण यह है कि वहां के नागरिक गंदगी नहीं करते और न ही होने देते हैं। इस विचार के साथ मैं गांव-गांव और गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार करूंगा। मैं आज जो शपथ ले रहा हूं, वह अन्य 100 व्यक्तियों से भी करवाऊंगा। वे भी मेरी तरह स्वच्छता के लिए 100 घंटे दें, इसके लिए प्रयास करूंगा। मुझे मालूम है कि स्वच्छता की तरफ बढ़ाया गया मेरा एक कदम पूरे भारत देश को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा।

शपथ समारोह में अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य, संजय सिंह ने सभी कर्मचारियों को अपने विभाग को स्वच्छ रखने को कहा । प्रयागराज मंडल के सभी स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा । स्वच्छता अभियान में सभी स्टेशनों पर स्वच्छता के लिए आम जनमानस को जागरूक किया जा रहा है जिसके लिए कई जगह नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया जा रहा है।

राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान के क्रम मेन प्रयागराज मण्डल में प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, टूंडला जंक्शन, मिर्ज़ापुर, इटावा जंक्शन मानिकपुर, विंध्याचल, जिगना, अलीगढ़, फफूंद, कानपुर अनवरगंज, बरगढ़ एवं मैथा स्टेशनों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ ली।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai