डीएम के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरन्तर भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति पर निगरानी बनाए हुए
कौशाम्बी। एसडीम,तहसीलदार,नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी डीएम मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर निगरानी बनाए हुए है। तहसीलदार मंझनपुर मोबिन अहमद ने बताया कि तहसील मंझनपुर के अंतर्गत यमुना नदी किनारे वाले ग्राम-पभोसा, बढ़हरी, कोशम, हटवा, पाली, भवनसुरी, सिंघवल में कल से आज तक लगभग 1.5 फीट जल स्तर में वृद्धि हुई है।
स्थिति अभी भी सामान्य है। इन ग्रामों में लगभग 30 घर ऐसे है, जिनमें पानी घर के अंदर घुस गया है। प्रभावित परिवार अभी बाढ़ चौकी पर न विस्थापित होकर अपनी इच्छा से पास के ग्रामवासी के घर पर आवास कर रहे है। सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में नाव का संचालन हो रहा है। पशुपालन विभाग की टीम भी सतत निरीक्षण कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा इन ग्रामों में तत्काल मेडिकल टीम लगाकर गांव के अंदर आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही है।

तहसील सिराथू के अंतर्गत गंगा नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ है, लेकिन कोई ग्राम बाढ़ से प्रभावित नहीं है। तहसीलदार चायल पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि तहसील चायल के अंतर्गत ग्राम कटैया व पीपरहटा के रास्ते में पानी भर गया है। नाव का संचालन हो रहा, जिससे लोगों का आवागमन हो रहा है। यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है, लेकिन किसी ग्राम में पानी नहीं भरा है। जनपद में तहसील मंझनपुर मे 09 ग्राम बाढ़ से प्रभावित हैं- बड़हरी उपहार, पबोसा, कोसम खिराज, गोप सहसा, सेवथा, महेवा, भवनसुरी एवं पाली जबकि तहसील चायल में 02 ग्राम बाढ़ से प्रभावित है- कटैया एवं पिपरहटा।










