बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड इंडियन स्कूल अवार्ड, दिल्ली की ओर से प्रदान किया गया
कौशाम्बी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों को सराहते हुए केपीएस भरवारी की प्रिंसिपल सीमा पवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में “बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें इंडियन स्कूल अवार्ड, दिल्ली की ओर से प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिक्षा क्षेत्र के विद्वान, नामचीन शिक्षाविद और प्रतिष्ठित स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और नई नीतियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इसी बीच जब सीमा पवार का नाम सम्मान हेतु पुकारा गया, तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। सीमा पवार को यह सम्मान विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, बच्चों में रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने, तथा सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय को नई पहचान दिलाने के लिए दिया गया। उनके कुशल नेतृत्व में केपीएस भरवारी ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की एक मिसाल कायम की है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर है।चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि “सीमा पवार का यह सम्मान विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के अथक परिश्रम का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारी संस्था को ऐसे कुशल नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त है।
फाउंडर देव गुप्ता ने बधाई देते हुए कहा कि “यह सम्मान केवल सीमा पवार जी का ही नहीं बल्कि पूरे केपीएस परिवार का है। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने निरंतर नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं।इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।










