ब्यूरो रिपोर्ट AT समाचार
रामनगर, यूके। उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। नैनीताल जिले में भी देर रात से लगातार हो रही बारिश के बाद नदी नाले उफान पर हैं। रामनगर में बरसाती नालों की वजह से भी कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन द्वारा सायरन बजाकर व फोंन पर अलर्ट किया जा रहा है।
उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में बरसाती नालों और पहाड़ी इलाकों से आ रहे तेज बहाव के कारण कोसी नदी का जलस्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया है। आज सुबह नदी का जलस्तर 28,000 क्यूसेक से अधिक दर्ज किया गया, जो लगातार बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के बाद सिंचाई विभाग ने मैदानी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।
कोसी नदी के उफान को देखते हुए प्रशासनिक विभाग ने किया एलर्ट
कोसी नदी के उफान को देखते हुए विभाग की ओर से रामपुर, दड़ियाल, बरेली, काशीपुर और मुरादाबाद सहित कई मैदानी क्षेत्रों में सायरन बजाकर व मोबाइल फोन संदेशों के माध्यम से लोगों को सचेत किया गया। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग के एई राजीव खनुलिया ने बताया सुरक्षा की दृष्टि से अलर्ट जारी कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर टीमों को तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने की एक वजह अल्मोड़ा क्षेत्र से छोड़ा गया पानी भी है। इसके अलावा मोहान क्षेत्र के आसपास बहने वाले धनगढ़ी, पनोद, छोटा पनोद, सुंदरखाल और पनियाली जैसे बरसाती नालों ने भी नदी में पानी की मात्रा को और अधिक बढ़ा दिया है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश की वजह से हालात और गंभीर हो सकते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
बता दें मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत उधम सिंह नगर आदि कई जिलों के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने पहले ही रेड अलर्ट जारी कर दिया था। इसी को देखते हुए नैनीताल जिले के एक से लेकर 12वीं तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने के आदेश दिए गए थे।
भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सड़कें मलबा आने से बंद हो गई हैं। जिससे यातायात प्रभावित है, प्रशासन ने एनएच-309 समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर आवाजाही को लेकर यात्रियों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।










