देवेन्द्र कुमार जैन की रिपोर्ट
भोपाल, मध्य प्रदेश। प्लाज़्मा चोरी का भंडाफोड़ करने वाले एम्स भोपाल का सुरक्षाकर्मी साहस और सतर्कता के लिए किया गया सम्मानित। एम्स भोपाल प्रशासन ने ब्लड बैंक में हुई प्लाज्मा चोरी की घटना का पर्दाफाश करने में अनुकरणीय साहस, सतर्कता और कर्त्तव्यनिष्ठा दिखाने के लिए सुरक्षाकर्मी नीतेश बागवान को सम्मानित किया है। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर तथा उप निदेशक (प्रशासन) संदेश जैन ने बागवान के साहस और संस्था की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। बागवान की जागरूकता ही थी जिसने आउटसोर्स कर्मचारी अंकित केलकर को प्लाज्मा चोरी करते समय रंगे हाथ पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) कर ने कहा, नीतेश बागवान ने एम्स के कर्मचारियों के लिए एक उच्च मानक स्थापित किया है। उनकी बहादुरी और काम के प्रति समर्पण ने न केवल एक आपराधिक कृत्य को रोका, बल्कि बहुमूल्य जीवन रक्षक संसाधनों की कालाबाजारी को भी उजागर किया। एम्स प्रशासन उन्हें सम्मानित करते हुए गर्व महसूस करता है।” यह सम्मान एम्स भोपाल द्वारा अपनी परिसंपत्तियों और मरीजों के जीवनरक्षक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।










