थाना सराय अकिल पुलिस टीम द्वारा कथित गुमशुदा बालिका के संबंध मे किया बड़ा खुलासा।
कौशाम्बी। मां ही निकली बेटी की कातिल,बेटी की मानसिक स्थिति सही न होने पर उठाया मां ने जघन्य अपराध का कदम।थाना सराय अकिल पुलिस टीम द्वारा कथित गुमशुदा बालिका के संबंध मे बड़ा खुलासा किया गया।
गौरतलब हो कि 21 नवंबर को थाना सराय अकिल पर वादिनी द्वारा सूचना दी गयी कि मैं अपने 06 माह के बेटे को बीमारी से राहत के लिए झाड़ फूंक कराने ग्राम कन्जापर थाना करारी गई थी। वहां से वापस आई तो देखा कि मेरी नाबालिक पुत्री उम्र 12 वर्ष घर पर मौजूद नहीं है जो दिमाग से थोड़ा कमजोर है। मैंने अपने आसपास व जान पहचान की सभी जगह पर तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सराय अकिल पर मु0अ0सं0 313/25 धारा 137(2) पंजीकृत किया गया था। पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार द्वारा घटना की गम्भीरता को देखते हुए टीम गठित कर प्रभारी निरीक्षक सराय अकिल को बच्ची को सकुशल बरामद करने हेतु निर्देशित किया गया था।विवेचना के क्रम में थाना सराय अकिल पुलिस टीम द्वारा ग्राम कन्जापर थाना करारी जाकर झाड़ फूंक करने वाले व्यक्ति व आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि घटना वाले दिन आवेदिका द्वारा कोई झाड़ फूंक नहीं कराया गया था। तत्पश्चात वादिनी का फोटो दिखाने पर लोगों द्वारा सुनिश्चित किया गया कि घटना वाले दिन वादिनी झाड़ फूक कराने नही गयी थी एवं वादिनी द्वारा घुमाफिरा कर पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया गया।
शक होने पर वादिनी से कड़ाई से पूछताछ की गयी तो वादिनी द्वारा बताया गया कि मेरी बेटी दिमाग से कमजोर थी, आए दिन किसी न किसी से विवाद करती थी, जिससे मैं तंग आ गई थी व परेशान होकर मैंने दिनांक 21-11-2025 को सुबह करीब 6:00 बजे घर से अपने 6 माह के बेटे व बेटी (मृतका) को लेकर निकली और ई रिक्शा से यमुना नदी के महिला घाट पुल पर गई और अपनी बेटी को रेलिंग पर बैठा दी। सूनसान होने पर मैने उसे धक्का देकर नदी में गिरा दिया था, जिससे वह नदी में डूब गयी इसके बाद मैंने इस बात को छिपा कर अपनी बेटी को ढूंढने का दिखावा करते हुए थाने पर आकर प्रार्थना पत्र देकर शिकायत किया था ताकि मेरे ऊपर कोई संदेह न करें।विवेचना के क्रम में मोबाइल सर्विलांस व सीडीआर के अवलोकन एवं आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर वादिनी का लोकेशन घटना के समय घटना स्थल के आस-पास पाया गया। तत्पश्चात पर्याप्त साक्ष्य व वादिनी के कबूलनामें के आधार पर वादिनी को बतौर अभियुक्ता प्रकाश में लाकर पंजीकृत अभियोग में सुसंगत धाराओं की बढ़ोत्तरी की गयी। वादिनी अभियुक्ता को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के पश्चात न्यायालय भेजा गया है। मृतका के शव की तलाश यमुना नदी में, नदी के किनारे के बसे आसपास के गांवों के घाटों पर मछुआरों एवं अन्य माध्यम से कराया जा रहा है तथा सीमावर्ती थानों के माध्यम से भी तलाश करायी जा रही है।










