मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर शहर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन, शास्त्री नगर से शुरू होकर बड़े गुरुद्वारा सिविल लाइंस पर होगा समापन। शहर में सिख समाज की ओर से श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। नगर कीर्तन का शुभारंभ शास्त्री नगर से किया जाएगा, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़े गुरुद्वारा साहिब, सिविल लाइंस पर जाकर विधिवत रूप से संपन्न होगा।
नगर कीर्तन के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन छत्रछाया में पंच प्यारे अगुवाई करेंगे। संगत द्वारा गुरु वाणी का कीर्तन, शबद गायन और धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी तथा चाय-पानी एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर सिख समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। नगर कीर्तन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
नगर कीर्तन को लेकर सिख समाज सहित शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने सभी धर्मावलंबियों से नगर कीर्तन में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। नगर कीर्तन में उपस्थित रहे दर्शन सिंह गुरु, चरण सिंह, गुरप्रीत आहूजा, जगजीत सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, मनमीत सिंह, गुरु चरण सिंह, रविंद्र सिंह, जगजीत सिंह, नरेंद्र पाल, भूपेंद्र सिंह, वीर खालसा समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह आदि उपस्थित थे।










