त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। रोटरी प्रीमियर लीग (RPL) एलिमिनेटर राउंड का रोमांचक समापन, फाइनल की घोषणा। रोटरी प्रीमियर लीग (RPL) के अंतर्गत 18 जनवरी को आयोजित एलिमिनेटर राउंड के मुकाबले अत्यंत रोमांचक एवं उत्साहपूर्ण रहे। डीएसए ग्राउंड, प्रयागराज में खेले गए 12-12 ओवरों के इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
पहले एलिमिनेटर मुकाबले में रोटरी ईस्ट एकेडेमिया ने 8 विकेट से प्रभावशाली जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने रोटरी संगम को 10 विकेट से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया। इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए डॉ. अमन ओहरी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इन परिणामों के साथ अब रोटरी प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला 25 जनवरी 2025 (रविवार) को प्रातः 8:30 बजे से रेल गाँव, एनसीआर, रेलवे स्टेडियम, प्रयागराज में रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम एवं रोटरी ईस्ट एकेडेमिया के बीच खेला जाएगा।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतिनिधि (DGRH) रोटेरियन अजय शर्मा ने कहा कि रोटरी प्रीमियर लीग केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि रोटरी क्लबों के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग और टीम भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पूरे आयोजन की सफल रूपरेखा, सुचारु संचालन और व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले सभी रोटेरियन्स का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 25 जनवरी को फाइनल के दिन ही प्रयागराज के विभिन्न रोटरी क्लबों की महिला रोटेरियन्स के बीच एक विशेष मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया जाएगा, जो रोटरी में महिला सहभागिता और सशक्तिकरण का सुंदर उदाहरण होगा।
रोटरी परिवार के सभी अध्यक्षों, सचिवों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों एवं महिला रोटेरियन्स का उत्साहवर्धन करें तथा रोटरी की खेल एवं सेवा भावना को और अधिक सशक्त बनाएं।










