तुलसी पूजन व मातृ-पितृ पूजन से छात्राओं में जागा सेवा संस्कार और देशभक्ति का भाव
मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। प्रभावती गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में संस्कारों की मिसाल। जवाला नगर स्थित प्रभावती गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में आज एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं संस्कारपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में विधि-विधान से तुलसी पूजन के साथ-साथ मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें छात्राओं को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और नैतिक कर्तव्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को माता-पिता की सेवा, सम्मान और आज्ञाकारिता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि माता-पिता का सम्मान ही जीवन की सबसे बड़ी पूजा है और यही संस्कार बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ाते हैं। इसके साथ ही देशभक्ति के विषय पर भी छात्राओं को जागरूक किया गया। उन्हें समझाया गया कि परिवार से सीखे गए संस्कार ही आगे चलकर समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव बनते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक नवीन कुमार शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के भौतिकवादी युग में बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार और नैतिक मूल्यों की शिक्षा देना भी अत्यंत आवश्यक है। माता-पिता की सेवा, बड़ों का सम्मान और देशभक्ति की भावना ही एक अच्छे नागरिक का निर्माण करती है। हमारा प्रयास है कि प्रभावती गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल से निकलने वाली हर छात्रा संस्कारवान, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बने।”
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इस तरह के सांस्कृतिक और नैतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना निरंतर विकसित होती रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।










