मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर के आवास विकास कॉलोनी में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन, समाजसेविकाओं का हुआ सम्मान। जनपद के आवास विकास कॉलोनी में रविवार को एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। सम्मेलन का उद्देश्य सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित के मुद्दों पर जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान शक्तिपीठ की कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रियंका शुक्ला एवं प्रसिद्ध समाज सेविका सरिता बिश्नोई को उनके सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। मंच से दोनों अतिथियों का जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. प्रियंका शुक्ला ने कहा कि आज के समय में समाज को एकजुट रहकर अपनी संस्कृति और मूल्यों की रक्षा करनी होगी। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सामाजिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
वहीं समाज सेविका सरिता बिश्नोई ने कहा कि हिंदू समाज की शक्ति उसकी एकता में निहित है और ऐसे सम्मेलन समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण पर अपने विचार रखे। सम्मेलन का समापन राष्ट्रहित और समाज सेवा के संकल्प के साथ किया गया।










