मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
मुरादाबाद। सामूहिक विवाह योजना घोटाले में बड़ी कार्रवाई, 9 ग्राम सचिव निलंबित। जनपद में संचालित सामूहिक विवाह योजना में सामने आये घोटाले के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर 9 ग्राम सचिवों को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं एडीओ समाज कल्याण के निलंबन के लिएं जिलाधिकारी ने शासन को पत्र भेजा है। इसके अलावा खंड विकास अधिकारी (BDO) मूंढापांडे का वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।यह कार्रवाई 30 अधिकारियों की जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। इस टीम का गठन जिलाधिकारी मुरादाबाद अनुज सिंह द्वारा किया गया था। जांच में सामूहिक विवाह योजना के तहत फर्जी लाभार्थी, दस्तावेजों में गड़बड़ी और सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
बताया जा रहा है कि कुंदरकी से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सामूहिक विवाह योजना में हुए घोटाले का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
विधायक द्वारा मामला उठाए जाने के बाद प्रदेश के खेल मंत्री ने भी प्रकरण का संज्ञान लिया। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन किया। जांच में मूंढापांडे ब्लॉक के अंतर्गत तैनात कई ग्राम सचिवों, वीडीओ सहित अन्य अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की गाज गिरी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कहा कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है, और जनहित की योजनाओं में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी मामले की गहन जांच जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।










