मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का जन सैलाब, गढ़मुक्तेश्वर से जल लाकर किया जलाभिषेक। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रामपुर जनपद के मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः काल से ही भोले बाबा के भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों में लगनी शुरू हो गईं। कई श्रद्धालु पवित्र तीर्थ स्थल गढ़मुक्तेश्वर से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे।
शहर के ऐतिहासिक रढोडा शिव मंदिर, कोसी मंदिर, श्री मां शक्ति मंदिर पूरनागंज, कृष्ण विहार शिव मंदिर, केटी प्लाई शिव मंदिर तथा पंजाब नगर शिव मंदिर में दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। मंदिरों को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण आकर्षक और भक्तिमय दिखाई दे रहा था।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, शहद और गंगाजल अर्पित किया। कई स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र प्रशासन की ओर से भी मंदिरों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर रामपुर पूरी तरह शिवमय नजर आया और देर रात तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।










