रामपुर शहर कोतवाली में मिशन शक्ति अभियान ठप, प्रभारी पर उठे सवाल।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंडल प्रभारी अवनीत पवन शर्मा की रिपोर्ट

रामपुर। रामपुर शहर कोतवाली में मिशन शक्ति अभियान ठप, प्रभारी पर उठे सवाल। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाया जा रहा मिशन शक्ति अभियान जिले भर में सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। अलग-अलग थानों की महिला पुलिस कर्मी स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम चला रही हैं। लेकिन शहर कोतवाली क्षेत्र में इस अभियान की गतिविधियां नजर नहीं आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली में तैनात मिशन शक्ति प्रभारी सीमा ने कुछ दिन पहले ही जॉइनिंग की है। हालांकि जॉइनिंग के बाद से अब तक क्षेत्र में कोई विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अन्य थाना क्षेत्रों में महिला कांस्टेबल लगातार अभियान चला रही हैं, लेकिन शहर कोतवाली क्षेत्र में ऐसी कोई पहल दिखाई नहीं दे रही।

सूत्रों के मुताबिक, मिशन शक्ति प्रभारी अधिकतर समय कोतवाली परिसर में ही नजर आती हैं। स्कूलों, बाजारों और मोहल्लों में महिलाओं व छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से अब तक कोई सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया है। इससे अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गौरतलब है कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है। ऐसे में शहर कोतवाली क्षेत्र में अभियान की धीमी रफ्तार चिंता का विषय बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से इस मामले में संज्ञान लेकर मिशन शक्ति अभियान को सक्रिय रूप से संचालित कराने की मांग की है, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता का उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल हो सके।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai