मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। अपर पुलिस महानिदेशक मुनिराज ने किया नए पुलिस कार्यालय का निरीक्षण, उप निरीक्षकों के साथ की गोष्ठी आयोजित। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एवं डीआईजी मुनिराज ने नए पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, फरियादियों के बैठने की व्यवस्था तथा साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया।
एडीजी मुनिराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने और कार्यालय आमजन के लिए सहज और पारदर्शी व्यवस्था के साथ संचालित हों। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया।
निरीक्षण के उपरांत उप निरीक्षकों (एसआई) के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति जैसे अभियानों की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
गोष्ठी में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में लगातार भ्रमण करें, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाएं और आमजन से संवाद स्थापित कर पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करें।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता को सुरक्षा और विश्वास का माहौल देना है, और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें।










