देवेन्द्र कुमार जैन की रिपोर्ट
भोपाल, मध्यप्रदेश। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जेपी अस्पताल में गर्मी से बचाव के इंतजाम न होने पर जताई नाराजगी। जयप्रकाश जिला चिकित्सालय की सेवाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। लगभग दो घंटे तक चले सघन निरीक्षण में अस्पताल के प्रत्येक हिस्से की जांच की गई।
इस दौरान एसएनसीयू, पीआईसीयू , पोषण पुनर्वास केंद्र, बच्चा वार्ड, टीकाकरण कक्ष, मेडिकल आईपीडी, सर्जिकल आईपीडी, ब्लड बैंक, इंटीग्रेटेड लैबोरेट्री, आकस्मिक चिकित्सा इकाई,आईसीयू का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वार्डों में एयर कंडीशनर चालू न होने पर सीएमएचओ द्वारा नाराजगी जताते हुए इसे तुरंत शुरू करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही एसएनसीयू एवं पीआईसीयू में पेस्ट कंट्रोल सिस्टम को पुख्ता करने के लिए कहा गया।
अस्पताल में नियमित रूप से साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शिफ्ट में सफाई सुपरवाइजर द्वारा निरीक्षण करने एवं रोगियों एवं परिजनों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। सीएमएचओ ने अस्पताल के आरएमओ एवं अस्पताल प्रबंधन को फायर सेफ्टी, पेस्ट कंट्रोल एवं इलेक्ट्रिकल ऑडिट की रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी ना हो, इसके इंतजाम करवाए जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था को बेहतर करने एवं हीट स्ट्रोक व मौसमी बीमारियों के इलाज के लिए लिए पर्याप्त व्यवस्था करने हेतु कहा गया है।










