“राष्ट्र प्रथम” की भावना को सुदृढ़ करने हेतु एनसीसी कैडेट्स का प्रेरणादायी मार्गदर्शन
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। एडीजी एनसीसी यूपी मेजर जनरल गौरव गौतम का प्रयागराज दौरा, कैडेट्स में भरा राष्ट्रसेवा का जोश। भारतीय सेना की उत्तरी कमान एवं मध्य कमान के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित “नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026” के क्रम में एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम का प्रयागराज आगमन हुआ। अपने सैन्य दायित्वों के निर्वहन के उपरांत उन्होंने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज में आयोजित एनसीसी कैडेट्स के साथ संवाद सत्र में सहभागिता कर युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना का संचार किया।
अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में मेजर जनरल गौरव गौतम ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी है, जहाँ अनुशासन, नेतृत्व, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति का सृजन होता है। उन्होंने कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों के प्रति सजग रहते हुए एनसीसी से अर्जित मूल्यों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, अनुशासन, उच्च शिक्षा, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जागरूकता को सफलता का आधार बताते हुए कैडेट्स को उत्कृष्ट एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उनके प्रेरक शब्दों ने उपस्थित कैडेट्स में उत्साह, आत्मबल एवं राष्ट्रसेवा का जज़्बा और अधिक प्रखर किया।
इस अवसर पर एडीजी मेजर जनरल गौतम ने सभी एनसीसी कैडेट्स, जेसीओ, जवानों एवं अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उनका परिचय प्राप्त किया, जिससे सैन्य परंपरा की आत्मीयता एवं नेतृत्व की सुदृढ़ता का परिचय प्राप्त हुआ।
संवाद सत्र के उपरांत उन्होंने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज का विस्तृत निरीक्षण किया, जिसमें अधीनस्थ 12 बटालियनों के कमान अधिकारी एवं पीआई स्टाफ उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कैडेट्स के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि टीमवर्क, नवाचार एवं कठोर प्रशिक्षण के माध्यम से एनसीसी उत्तर प्रदेश निदेशालय को देश का सर्वश्रेष्ठ निदेशालय बनाया जाए।

इस दौरान उन्होंने एनसीसी प्रयागराज के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कांदिल एवं अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न इकाइयों की गतिविधियों की गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कांदिल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे संवाद सत्र युवाओं में “राष्ट्र प्रथम” की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा उन्हें मानसिक, शारीरिक एवं नैतिक रूप से सक्षम बनाते हैं, जो राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मेजर जनरल गौरव गौतम ने समस्त अधिकारियों, जेसीओ, जवानों, कैडेट्स एवं एनसीसी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के सिविल स्टाफ से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सभी को कर्तव्य, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के पथ पर दृढ़ता से अग्रसर रहने का संदेश दिया।










