पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है… ग्रीन राइट्स फाउंडेशन
प्रयागराज। ग्रीन राइट्स फाउंडेशन ने पक्षियों के संरक्षण एवं उनके दाना-पानी के लिए चलाया जन-जागरूकता अभियान। भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए ग्रीन राइट्स फाउंडेशन द्वारा पक्षियों के संरक्षण एवं उनके लिए दाना-पानी उपलब्ध कराने हेतु एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत संस्था के सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर पेड़ों की डालियों में दाना एवं पानी से भरे पात्र लगाए, ताकि कड़कड़ाती धूप में पक्षियों को राहत मिल सके।संस्था के पदाधिकारियों ने आम जनमानस से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी पक्षियों के लिए लगाए गए पात्र खाली दिखाई दें, तो उसमें दाना एवं पानी अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए यह छोटा सा सहयोग उनके जीवन की रक्षा कर सकता है।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे छोटे-छोटे प्रयासों से प्रकृति के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है।उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम पक्षियों के लिए बेहद कठिन होता है। इस समय उन्हें सबसे अधिक दाना-पानी के लिए भाग दौड़ करनी पड़ती है। ऐसे में हम सभी को अपने घरों व उसके आसपास में पक्षियों के लिए दाना और पानी रखना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयासों से हजारों पक्षियों को नया जीवन दिया जा सकता है। शहरों में तालाब, पोखर और जलस्रोत लगातार कम होते जा रहे हैं। ऐसे में पक्षियों के लिए अपनी प्यास बुझाना कठिन हो गया है। हर वर्ष गर्मी के मौसम में काफी संख्या में पक्षी भूख और प्यास के कारण दम तोड़ देते हैं।
इस अभियान में संस्था के प्रेसिडेंट उत्तम कुमार तिवारी, सेक्रेटरी सर्वेश कुमार पांडे, ट्रेजरर गोविंद कुमार ओझा एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर बृजेश पांडे सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे तथा सभी ने मिलकर लोगों को पक्षियों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।










