देवेन्द्र कुमार जैन की रिपोर्ट
भोपाल, मध्यप्रदेश। केमिकल से आम एवं तरबूज़ आदि फलों को पकाने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यवाही। करोंद मंडी और लालघाटी, मिनाल रेसीडेंसी से आम, तरबूज सहित केमिकल रिपनर के नमूने जब्त कर आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा शहर में लगातार औचक निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अलग-अलग दलों द्वारा लालघाटी स्थित दांगी फल सब्जी विक्रेता एवं करोंद फल-सब्जी मंडी की एक दर्जन से अधिक विभिन्न दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान फलों को कृत्रिम रूप से पकाने वाले संदिग्ध रसायनों, आम, तरबूज और खरबूज के सर्विलांस एवं जांच नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज सिंह धाकड़ की टीम द्वारा करौंद फल मंडी स्थित दुकान नंबर 18, ‘सईद फ्रूट कंपनी’ पर खाद्य सुरक्षा सर्विलांस फूड प्लान के अंतर्गत आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहाँ से फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए उपयोग में लाया जा रहा केमिकल पदार्थ जब्त किया गया। कृत्रिम रूप से पके होने की आशंका के चलते ‘आम’ का नमूना जांच हेतु लिया गया। न्यू फ्रूट सब्जी मंडीः मो. परवेज की दुकान से नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा न्यू फ्रूट सब्जी मंडी, करोंद स्थित दुकान नंबर 13 पर कार्रवाई की गई।
मानक स्तर की जांच सुनिश्चित करने के लिए तरबूज़ व आम के नमूने संगृहीत किए। इसके साथ ही विभाग की टीम द्वारा लालघाटी स्थित दांगी फल सब्जी विक्रेता और करोंद मंडी की एक दर्जन से अधिक अन्य फल दुकानों का भी सघन निरीक्षण किया गया। वहाँ से भी तरबूज, खरबूज और आम के संदिग्ध लॉट की जांच की गई और गुणवत्ता परखने के लिए आवश्यक नमूने संकलित किए गए।










