त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटीं 25 महिला श्रद्धालुओं का श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज ने किया भव्य स्वागत एवं अभिनंदन। श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज, प्रयागराज के लिए हर्ष एवं गौरव का विषय है कि नगर से 25 सदस्यीय महिलाओं का दल पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के सफल दर्शन कर सकुशल प्रयागराज लौट आया। उनके आगमन पर प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
14 दिवसीय इस कठिन एवं आध्यात्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अनेक चुनौतियों, दुर्गम मार्गों एवं प्रतिकूल मौसम का सामना करते हुए बर्फीली चोटियों के मध्य स्थित भगवान शिव के पावन धाम कैलाश मानसरोवर के दर्शन किए। यात्रा के सफल समापन के पश्चात सभी महिला श्रद्धालु राजधानी एक्सप्रेस से सकुशल प्रयागराज पहुंचीं।
रेलवे स्टेशन पर समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी यात्रियों का फूल-मालाओं, बुके एवं शॉल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर “हर-हर महादेव” एवं “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा रेलवे प्लेटफॉर्म भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। स्वागत समारोह ने उपस्थित सभी लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं उत्साह से भर दिया।
स्वागत समारोह में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पीयूष रंजन अग्रवाल, महामंत्री अभिषेक मित्तल, विपुल मित्तल, अजीत बंसल एवं अंकित अग्रवाल उपस्थित रहे। अग्रवाल महिला मंडल से निधि बंसल, अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, राहुल अग्रवाल एवं अनमोल मित्तल तथा अग्रवाल युवा महिला मंडल से रीनू मित्तल, डॉ. कीर्ति अग्रवाल एवं आकांक्षा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य सदस्यों ने उपस्थित होकर यात्रियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कैलाश मानसरोवर से लाए गए पवित्र जल एवं प्रसाद का वितरण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह यात्रा उनके जीवन की एक अविस्मरणीय एवं आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करने वाली यात्रा रही।
समाज के मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साहस, अनुशासन एवं आत्मिक साधना का अद्वितीय संगम है। समाज की महिलाओं द्वारा इस कठिन एवं चुनौतीपूर्ण यात्रा को सफलतापूर्वक पूर्ण करना सम्पूर्ण अग्रवाल समाज एवं प्रयागराज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में आध्यात्मिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करती हैं।
उपस्थित सभी लोगों ने यात्रियों की सफल एवं प्रेरणादायक यात्रा के लिए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद भविष्य की मंगलकामना की।










