चकिया पुलिस की बड़ी सफलता, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। अवैध संबंध और अपमान के चलते युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, 36 घंटे में मर्डर केस का पुलिस ने किया खुलासा। जनपद चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जोगिया कला गांव में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार जोगिया कला गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। युवक के सिर और गले पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस के सामने हत्यारे तक पहुंचना बड़ी चुनौती बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक के साथ अवैध संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी कारण उसे सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा था। आरोपी आगामी ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी में भी जुटा हुआ था और उसे आशंका थी कि यह विवाद उसकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। इसी रंजिश में उसने अहरौरा से कुल्हाड़ी खरीदकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
एसपी चंदौली आकाश पटेल का कहना है कि चकिया क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का पुलिस टीम ने 36 घंटे के भीतर सफल अनावरण किया है। जांच के दौरान आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल अनावरण के लिए चकिया पुलिस टीम को बधाई।










