जयपुर। अशोक गहलोत की बढ़ी टेंशन! पूर्व OSD लोकेश शर्मा नए सबूतों के साथ फिर आए सामने, किए बड़े खुलासे। राजस्थान में साल 2020 के सियासी संकट और फोन टैपिंग मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी रहे लोकेश शर्मा ने फिर बड़ा हमला बोला है. लोकेश शर्मा का आरोप है कि गहलोत ने फोन टैपिंग का दोष उन पर मढ़ दिया था।
राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है। साल 2020 में कांग्रेस सरकार के दौरान हुए सियासी संकट और फोन टैपिंग का जिन्न एक बार फिर बाहर निकल आया है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पूर्व ओएसडी (OSD) लोकेश शर्मा एक बार फिर गहलोत के खिलाफ नए और पुख्ता सबूत लेकर मीडिया के सामने आ गए हैं। लोकेश शर्मा ने अशोक गहलोत पर गंभीर आरोप उठाते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री खुद को पाक-साफ दिखाने के लिए बार-बार अवसरवादिता का परिचय देते हैं।
बार-बार ‘मानेसर’ का जिक्र क्यों करते हैं गहलोत
लोकेश शर्मा ने कहा कि साल 2020 के सियासी संकट को बीते करीब 6 साल हो चुके हैं, लेकिन अशोक गहलोत रह-रहकर मानेसर और सरकार गिराने की साजिश की बातें दोहराते रहते हैं. गहलोत भले ही जनता के सामने ‘भूल जाओ और माफ करो’ (Forget and Forgive) की बातें करते हैं, लेकिन असलियत में वह इसे खुद पर कभी लागू नहीं करते। लोकेश शर्मा के मुताबिक, गहलोत केवल पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को राजनीतिक रूप से निशाना बनाने के लिए बार-बार मीडिया के सामने मानेसर कांड का जिक्र करते हैं।
मुझ पर मढ़ दिया पूरा दोष, गहलोत ने खुद झाड़ लिया पल्ला
फोन टैपिंग मामले पर बोलते हुए लोकेश शर्मा ने बेहद सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने कहा कि फोन टैपिंग के दौरान ऑडियो क्लिप खुद गहलोत ने उन्हें दी थी और मीडिया में वायरल करवाई थी। लेकिन जब मामला बढ़ा और विवाद खड़ा हुआ, तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ी चालाकी से अपना पल्ला झाड़ लिया और पूरा दोष मेरे सिर पर मढ़ दिया कि यह ऑडियो क्लिप मैंने ही रिकॉर्ड की और मैंने ही सर्कुलेट की।










