धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। नेशनल हाईवे पर ट्रक ने बाइक को रौंदा, क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत। अलीनगर थाना क्षेत्र के बसंतु की मड़ई गांव के समीप नेशनल हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वही मौका पाकर ट्रक चालक ट्रक सहित फरार हो गया।
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्मेंद्र तिवारी (34) वर्ष अपने सहकर्मी अमित पासवान (28) बलिया जिले के सिकंदरपुर गांव का रहने वाला है। दोनों चंदौली के एक प्राइवेट अस्पताल में साथ काम करते थे। रविवार को दोनों अस्पताल की वाराणसी शाखा में किसी काम से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही बसंतु की मड़ई गांव के पास पहुंचे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में धर्मेंद्र तिवारी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि अमित पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची अलीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायल अमित को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी होते ही मृतक की पत्नी सपना तिवारी, बेटे रोशन (7) और अमन (5) व पिता रामनाथ तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस संबंध में एसओ घनश्याम शुक्ला ने बताया कि घटना के बाद फरार ट्रक की पहचान सीसीटीवी फुटेज से कराई जा रही है।
किसान नेता के भाई थे धर्मेंद्र
धर्मेंद्र पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई जितेंद्र तिवारी भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष हैं। इसी वजह से घटना के बाद थाने से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुटी रही। छोटे भाई अजय तिवारी व विनोद तिवारी चंदौली कचहरी में अधिवक्ता हैं।










