सुरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
प्रयागराज। विश्व रक्तदाता दिवस पर श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज ने दिया मानवता का संदेश, रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर ANHA ब्लड बैंक, सिविल लाइंस, प्रयागराज में अग्रवाल युवा मंडल, प्रयागराज के सहयोग से एक भव्य एवं सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिला पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के वरिष्ठ सदस्य हरीश चंद्र अग्रवाल (बिल्लू भैया), अभिषेक मित्तल, आशीष अग्रवाल एवं अंकित अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा रक्तदान अभियान का उत्साहवर्धन किया।
अग्रवाल युवा मंडल की ओर से अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल, तुषार गुप्ता, वैभव गोयल, आशुतोष गोयल, अंकित अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, अंशल अग्रवाल एवं गौरव अग्रवाल उपस्थित रहे।
अग्रवाल महिला मंडल से मोना अग्रवाल, छाया अग्रवाल, श्वेता पोद्दार एवं प्रियंका अग्रवाल तथा अग्रवाल युवा महिला मंडल से रीनू मित्तल, सारिका अग्रवाल, डॉ. कीर्ति अग्रवाल, डॉ. विनीता अग्रवाल, दीप्ति गुप्ता, आकांक्षा अग्रवाल एवं अनामिका अग्रवाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
शिविर में गौरव अग्रवाल, सुबोध अग्रवाल, सार्थक पोद्दार, नमन मित्तल एवं संचित अग्रवाल ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रक्तदाताओं के इस प्रेरणादायी कदम की उपस्थित जनों ने सराहना की।
इस अवसर पर अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने कहा कि, “रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे बिना किसी आर्थिक व्यय के किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान कर समाज और मानवता के प्रति अपना दायित्व निभाना चाहिए।”
वहीं अग्रवाल युवा महिला मंडल की महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने कहा कि, “रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान जीवन बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। युवाओं को इस अभियान से जुड़कर समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए और दूसरों के लिए प्रेरणा बनना चाहिए।”
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वैच्छिक रक्तदाताओं की संख्या में वृद्धि करने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का सबसे सरल, सुरक्षित एवं श्रेष्ठ माध्यम है तथा यह मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है।










