प्रेम-प्रसंग में बाधक बने पति की हत्या, पत्नी, प्रेमी और उसके साथी गिरफ्तार, अलीनगर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा।

प्रेम-प्रसंग में बाधक बने पति की हत्या, पत्नी, प्रेमी और उसके साथी गिरफ्तार, अलीनगर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमीन दिखाने के बहाने ले जाकर गला रेतकर की हत्या, शव नहर में फेंका; हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक, मोबाइल और खून से सने कपड़े बरामद

धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट

चंदौली। प्रेम-प्रसंग में बाधक बने पति की हत्या, पत्नी, प्रेमी और उसके साथी गिरफ्तार, अलीनगर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा। अलीनगर क्षेत्र के महेवा गौरी माइनर नहर में मिले युवक के शव के मामले का चंदौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रेम-प्रसंग में बाधा बनने पर पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया था ताकि घटना को दुर्घटना या अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके।

नहर में मिला था गला रेतकर हत्या किया गया शव

पुलिस के अनुसार, धर्मानंद यादव निवासी महेवा (बिलारीडीह) ने सूचना दी थी कि महेवा गौरी माइनर पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

सोशल मीडिया से हुई शव की पहचान

जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचे रमेश पुत्र रघुनाथ ने शव की पहचान अपने छोटे भाई राजेश कुमार (40 वर्ष) निवासी महादेवपुर, थाना मुगलसराय के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी के गांव के ही जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल से कथित अवैध संबंध थे, जिनका राजेश विरोध करता था। इसी कारण उसकी हत्या की साजिश रची गई।


जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट

पुलिस जांच में सामने आया कि उर्मिला देवी ने पति राजेश कुमार को जमीन खरीदने का बहाना बनाकर घर से भेजा। पहले उसे विभिन्न स्थानों पर घुमाया गया और रास्ते में शराब पिलाई गई। देर शाम महेवा नहर के पास पहुंचने पर जब राजेश नशे की हालत में था, तभी विनोद पाल ने उसे पकड़ लिया और जितेंद्र शर्मा ने पहले से छिपाकर रखे चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया।

बिहार भागने की फिराक में दबोचे गए आरोपी

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास घेराबंदी की। बिहार भागने की कोशिश कर रहे जितेंद्र शर्मा और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को भी उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पूछताछ में मुख्य आरोपी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उसका राजेश कुमार के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी उर्मिला देवी से नजदीकियां बढ़ गईं। राजेश इसका विरोध करता था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उर्मिला देवी ने प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की योजना बनाई और इसके बदले ₹10 हजार देने का लालच भी दिया। इसके बाद विनोद पाल को साथ लेकर पूरी साजिश को अंजाम दिया गया।

बरामद हुए अहम साक्ष्य

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त खून लगा धारदार चाकू, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP65BY1092), खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन (सैमसंग व वन प्लस) तथा ₹870 नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी में जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल (30 वर्ष), निवासी लखमीपुर कैथापुर, थाना मुगलसराय। विनोद पाल (51 वर्ष), निवासी लखमीपुर कैथापुर, थाना मुगलसराय। उर्मिला देवी, पत्नी स्वर्गीय राजेश कुमार, निवासी महादेवपुर, थाना मुगलसराय। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai