पति फ्रूटी लेने गया था बाजार, लौटने पर पत्नी फंदे से लटकी और बेटा मृत मिला।

पति फ्रूटी लेने गया था बाजार, लौटने पर पत्नी फंदे से लटकी और बेटा मृत मिला।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मां और दो वर्षीय मासूम बेटे की संदिग्ध मौत

धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट

चंदौली। पति फ्रूटी लेने गया था बाजार, लौटने पर पत्नी फंदे से लटकी और बेटा मृत मिला। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर अहीरान बस्ती में शुक्रवार रात मां और उसके दो वर्षीय मासूम बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 22 वर्षीय प्रिया पटेल पत्नी अजय पटेल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उनका दो वर्षीय पुत्र युवराज घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, प्रिया की शादी वर्ष 2022 में अजय पटेल से हुई थी। वह एक दिन पहले ही मायके से अपने ससुराल हनुमानपुर अहीरान लौटी थीं। बताया गया कि जीटी रोड चौड़ीकरण के दौरान अजय पटेल की पान की दुकान टूट गई थी, जिसके बाद वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। शुक्रवार को अजय पटेल अपने बेटे की मांग पर आम की फ्रूटी लेने बाजार गए थे। जब वह वापस घर लौटे तो पत्नी प्रिया का शव फंदे से लटका मिला, जबकि मासूम युवराज मृत अवस्था में पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग 9 बजे हनुमानपुर अहीरान मोहल्ले में 22 वर्षीय विवाहिता और उसके लगभग दो वर्षीय पुत्र के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए गए हैं तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai