त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। केंद्रीय माल एवं सेवा कर आयुक्तालय इलाहाबाद द्वारा छोटे और मझोले व्यापारियों के जीएसटी सम्बंधित समस्याओं के समाधान हेतु बैठक का आयोजन। सेंट्रल जीएसटी आयुक्तालय इलाहाबाद द्वारा सिविल लाइन्स स्थित जीएसटी भवन के कौटिल्य सभागार में छोटे और मझोले व्यापारियों / ट्रेडर्स की जीएसटी सम्बंधित समस्याओं के समाधान और जागरूकता के लिए एक बैठक के आयोजन किया।
उक्त बैठक की अध्यक्षता मह्फूजुर रहमान, अपर आयुक्त, सेंट्रल जीएसटी आयुक्तालय इलाहाबाद द्वारा की गयी. सेंट्रल जीएसटी आयुक्तालय इलाहाबाद के अन्य अधिकारी हेम नाथ झा, सहायक आयुक्त, यश बिशेन, सहायक आयुक्त तथा दिलीप यादव, अनुज मिश्र, असीम कुमार सिंह, आसिफ अली, अधीक्षक आदि भी बैठक में उपस्थित रहे। इस दौरान कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमार गोएल ने व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा तथा नीतिगत मामलों के लिए उच्च स्तर पर समस्याओं को रखने के लिए अधिकारियों से निवेदन किया| उपस्थित अधिवक्ताओं ने भी GST पोर्टल में आ रही समस्याओं से अवगत कराया तथा निदान कराये जाने की अपील की|
बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने GST के नौ वर्ष पूरे होने पर हर्ष व्यक्त किया तथा GSTR-9, 9C, रिवर्स चार्ज मैकेनिस्म, GST-2बी, फेक सप्लायर द्वारा इनपुट टैक्स क्रेडिट, GST Return Filing सिस्टम में टेक्निकल सुधारों आदि मुद्दों पर चर्चा की गयी. व्यापार प्रतिनिधियों द्वारा विशेष रूप से छोटे और मझोले व्यापारियों के लिए, GSTR 9 वार्षिक रिटर्न दाखिल करने की मौद्रिक सीमा बढ़ाने, अनुपालन का बोझ घटाने और रिवर्स चार्ज मैकेनिस्म में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया. साथ ही, उन्होंने वास्तविक खरीदारों को काल्पनिक या गैर-मौजूद फर्मों द्वारा किए गए धोखाधड़ी के लिए दंडित नहीं किया जाना का सुझाव दिया। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन प्रयागराज शाखा द्वारा GSTR-9/9C और GST-2बी से सम्बंधित सुधारों पर जोर दिया।
अंत में मह्फूजुर रहमान, अपर आयुक्त ने सभी आगंतुकों को बैठक में भाग लेने और अपने विचार साझा करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उनके सुझावों और समस्याओं को उचित फोरम पर उठाने का आश्वासन दिया।










