ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि सभी संभागीय अधिकारी, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण करें. इसके लिए आयोजित शिविर के पूर्व दिवस में निर्धारित क्षेत्र में लंबित सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी के प्रकरण की तैयारी सुनिश्चित करें, ताकि जन विश्वास अभियान में अधिक से अधिक जन समस्याओं का निराकरण कर विभाग प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। संभागायुक्त श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान -2026 में सरकार संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की समस्याओं का समाधान उन्हीं के क्षेत्र में पहुँचकर कर रही है, ताकि नागरिकों को आपने कार्यों के लिए अलग – अलग कार्यालय नहीं जाना पड़े।संभागायुक्त ने कमिश्नर कार्यालय में बुधवार को समय – सीमा बैठक लेकर अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संभागीय अधिकारी 7 अगस्त को संपन्न मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविरों का विस्तृत फीडबेक लेकर आगामी शिविरों में विभागों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्य करें. शिविर में लंबित विभागीय सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों और आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के साथ ही शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करें. अभियान में जनता से संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के साथ अधिक से अधिक जन शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करना है।संभागायुक्त द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जिले में सतत भ्रमण कर लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय-सीमा से बाहर के लंबित प्रकरणों का निराकरण, विभागीय संस्थाओं का निरीक्षण तथा विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा करना सुनिश्चित करें।समय- सीमा बैठक में जन-विश्वास अभियान अंतर्गत सम्मिलित किये गए 20 प्रमुख विषयों पर सघन कार्यवाही और शासकीय संस्थाओं आदि के प्रभावी निरीक्षण के निर्देश दिए गए। इसमें नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा के मामले, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन की समीक्षा शामिल है। इसके अलावा आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, राशन दुकान, खाद-बीज की उपलब्धता, कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का मैदानी स्तर पर पर्यवेक्षण किया जाए। अधिकारियों से कहा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में केवल संख्या आधारित उपलब्धि पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी अधिकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। संभागायुक्त श्री शर्मा ने सभी विभागों के नवाचारों, विभागीय उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट कार्यों को समायोजित कर विभागवार बुकलेट तैयार करने के निर्देश दिए।










