ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ग्यारसपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत अटारी खेजड़ा में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के दौरान विदिशा विधायक मुकेश टंडन एवं भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां दोनों जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी बच्चों के बीच सहज भाव से जमीन पर बैठकर उनसे संवाद किया और आंगनबाड़ी में मिलने वाली सुविधाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली। विधायक मुकेश टंडन और संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बच्चों से बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें आंगनबाड़ी में कब खाना मिलता है, यहां आकर उन्हें कैसा लगता है तथा खेलने के लिए उन्हें और किन चीजों की आवश्यकता है। बच्चों ने भी सहजता से अपनी बातें साझा कीं। अधिकारियों ने बच्चों से उनकी दिनचर्या, खेल-कूद तथा आंगनबाड़ी में होने वाली गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।बच्चों से प्रारंभिक शैक्षणिक गतिविधियों के तहत दी जा रही जानकारी के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित सरल सवाल पूछकर उनकी सीखने की प्रक्रिया को समझा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण आहार व्यवस्था, खेल सामग्री तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों की उपस्थिति, पोषण एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में आयोजित किए जा रहे शिविरों एवं निरीक्षण गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझना तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही आवश्यक सुविधाओं का लाभ दिलाना है। इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा गांवों में पहुंचकर आमजन, विद्यार्थियों और बच्चों से सीधे संवाद किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र में विधायक एवं संभागायुक्त का बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर संवाद करना बच्चों के प्रति सहजता और आत्मीयता का संदेश रहा। इस दौरान बच्चों ने भी उत्साह के साथ अधिकारियों से बातचीत की और अपनी जरूरतों एवं पसंद के बारे में खुलकर बताया।










