दधिकांदो मेले में दो दिन शेष, तैयारियां अधूरी; गड्ढों और अंधेरे से जूझ रहे लिंक मार्ग
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। एडीएम सिटी ने दधिकांदो मेले की तैयारियों का लिया जायजा। सुलेम सरांय का ऐतिहासिक दधिकांदो मेला 13 सितंबर रविवार को लगेगा। तैयारियों को लेकर गुरुवार को एडीएम सिटी और डीसीपी नगर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेला कमेटी ने एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा और डीसीपी को ज्ञापन देकर दल और मेले की सुरक्षा चाक-चौबंद करने की मांग की।
मेला प्रमुख नरेंद्र खेड़ा ने बताया कि यह मेला महिला ग्राम चौफटका से बेगम बाजार तक जीटी रोड पर लगभग 8 किमी क्षेत्र में लगता है। यह जिले का सबसे प्राचीन और बड़ा मेला है, जिसकी परंपरा 1890 से चली आ रही है। धूमनगंज अतिसंवेदनशील क्षेत्र है। बीते कुछ वर्षों में दल में सुरक्षा व्यवस्था न होने से ऐतिहासिक दल घंटों बाधित रहता है।

कमेटी ने बताया कि मेले में महज 48 घंटे शेष हैं, फिर भी लिंक मार्गों धर्मवीर गली, पांडेय नर्सिंग होम गली, प्रीतमनगर, धूमनगंज, मीरापट्टी, ट्रांसपोर्ट नगर और मुंडेरा चुंगी पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। जीटी रोड और लिंक मार्गों की स्ट्रीट लाइटें भी बंद हैं। कई बार शिकायत के बाद भी नगर निगम ने न पैचवर्क कराया न प्रकाश की व्यवस्था की। इन मार्गों से हजारों लोग भगवान श्रीकृष्ण-बलदाऊ के दर्शन को आते हैं। एडीएम सिटी ने सभी तैयारियां समय पर पूरी कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान मेलाध्यक्ष पीयूष केसरवानी, महामंत्री मुकेश साहू, कोषाध्यक्ष अंकुर रस्तोगी, संयोजक गुलशन अरोरा, राकेश केसरवानी, दिनेश केसरवानी, अजय गुप्ता, सुनील कक्कू, सागर समेत बड़ी संख्या में मेला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।










