त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर से। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा-निर्देशों तथा नई दिल्ली में दिनांक 30 सितंबर 2026 को आयोजित ‘INDIA’ गठबंधन की बैठक में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के अनुपालन में, समाजवादी पार्टी आज से पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ का आगाज़ कर रही है। आगामी 2 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले इस जन-आंदोलन के तहत प्रदेश के सभी जिलों में “वोट बचाओ-देश बचाओ” मार्च एवं जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भारतीय निर्वाचन आयोग जैसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था पर सत्ता पक्ष द्वारा किए जा रहे संस्थागत कब्जे को रोकना, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना, उन पर कानूनी मुकदमा चलाना और उनकी त्वरित गिरफ्तारी की मांग करना है। समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हो रही ‘वोट चोरी’ तथा जन-जनादेश के हनन के विरुद्ध इस संघर्ष को अंतिम मुकाम तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसी रणनीति के प्रथम चरण में आज जिला एवं महानगर स्तर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन कर जनता और मीडिया के सामने लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों का पर्दाफाश किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे दिन प्रदेश की सभी विधानसभाओं के स्तर पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट कर भविष्य की रणनीति तय की जा सके। तीसरे दिन पार्टी द्वारा जिला स्तर पर एक विशाल एवं शांतिपूर्ण “वोट बचाओ-देश बचाओ” मार्च का आयोजन किया जाएगा, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा अथवा जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचेगा।
इस मार्च के समापन पर निर्धारित स्थल पर उपस्थित सभी प्रतिभागी सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाएंगे तथा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से पठन करेंगे, जो देश के हर नागरिक को सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की सुरक्षा एवं गारंटी प्रदान करता है। अंत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले के दहन के साथ इस चरण के विरोध प्रदर्शन का समापन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के मार्गदर्शन में प्रयागराज जिले की हर विधान सभाओं के पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और देश के लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रमुखरूप से जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन, यमुनापार महासचिव इंजी.जगदीश यादव, विधायक विजमा यादव, संदीप पटेल, गीता शास्त्री, पूर्व विधायक हाजी मुजतबा सिद्दीकी, अमर नाथ मौर्य, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, महानगर महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेटमो शारिक, दीनानाथ यादव, जयशंकर भारती आदि सहित पार्टी के नेता एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।










