त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। बाल विवाह निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम “सेवइत” स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर “विज्ञान फाउंडेशन” के पीयर लीडर फेलो, “प्रीती” के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गाँव की 30 महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा इसकी रोकथाम में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता “वीज़मा” जी एवं सहायिका “रूपाली” जी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। दोनों ने प्रतिभागियों के साथ बाल विवाह की रोकथाम को लेकर चर्चा की और इसे समाप्त करने में परिवार तथा समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से बाल विवाह के कारण बच्चों, विशेषकर किशोरियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता और भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों को समझाया गया। फिल्म देखने के बाद उपस्थित महिलाओं और किशोरियों के साथ संवाद किया गया।

चर्चा के दौरान बाल विवाह से जुड़े सामाजिक कारणों, इसके दुष्परिणामों और इसे रोकने में परिवार एवं समुदाय की भूमिका पर विचार साझा किए गए। इसके साथ ही बाल विवाह निषेध से संबंधित जागरूकता पर्चों का वितरण किया गया। पर्चों के माध्यम से बाल विवाह रोकने के कानूनी प्रावधानों और इसके प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
प्रतिभागियों को बताया गया कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुप्रथा नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन भी है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, अपने सपनों को पूरा करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं और किशोरियों ने बाल विवाह के खिलाफ संकल्प लिया और हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी की। सभी ने यह प्रतिबद्धता जताई कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे, अपने परिवार और आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करेंगे तथा गाँव में बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह रोकना केवल कानून या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। जब समुदाय जागरूक होगा, तभी बेटियों को शिक्षा, समानता और गरिमापूर्ण जीवन के अवसर मिल सकेंगे।









