लाखो के लागत से बना लखरांव ग्राम सचिवालय हुआ खंडहर, बना शराबियों का अड्डा, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जौनपुर। लाखो के लागत से बना लखरांव ग्राम सचिवालय हुआ खंडहर, बना शराबियों का अड्डा, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप। जनपद के विकासखंड बरसठी की ग्राम पंचायत लखरांव में करीब 23.52 लाख रुपये की सरकारी लागत से निर्मित बहुउद्देशीय पंचायत भवन (ग्राम सचिवालय) जिम्मेदारों की उदासीनता और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है।  पूरा परिसर गंदगी, झाड़ियों और असामाजिक तत्वों के अड्डे के  रूप में तब्दील हो गया है।

बताया जाता है कि ग्राम सचिवालय की  स्थिति बेहद दयनीय है। भवन के भीतर ‘प्रधान कक्ष’ और ‘पंचायत सहायक कक्ष’ तो बने हैं, लेकिन अंदर न तो कुर्सी-मेज है और न ही कोई सरकारी उपकरण। कमरों के फर्श पर धूल, गुटखे की पीक, पानी की खाली बोतलें और कचरा फैला हुआ है। भवन के बरामदे और चबूतरे का प्लास्टर व फर्श जगह-जगह से उखड़कर टूट चुका है। परिसर के बाहर और आसपास शराब की खाली बोतलें व डिस्पोजल गिलास बिखरे पड़े हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि शाम ढलते ही यहां शराबियों का जमावड़ा लगता है। इसके अलावा, भवन के बरामदे में ग्रामीणों द्वारा पुआल व चारा तक रखा गया है और परिसर में बने शौचालय भी पूरी तरह जर्जर और उपयोग के अयोग्य पड़े हैं।

ग्रामीण राजकुमार पटेल ने ग्राम प्रधान लक्ष्मीना देवी और सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2020-21 में 23.52 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन का गांव को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि सुविधाएं न होने से यह जगह असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गई है और ग्रामीणों को छोटे से प्रमाण पत्र या सरकारी काम के लिए भी 30 किलोमीटर दूर जौनपुर मुख्यालय जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सचिवालय का जीर्णोद्धार कर लाइब्रेरी और कार्यालय को तत्काल शुरू कराया जाए।

​कंप्यूटर सिस्टम गायब, 5 साल से मानदेय के लिए भटक रही पंचायत सहायक दूसरी ओर, गांव की पंचायत सहायक के पिता सरोज कुमार गौतम ने प्रधान और सचिव अमित यादवपर राजनीतिक द्वेष के तहत प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी मेरिट के आधार पर चयनित हुई है, लेकिन 5 साल से सचिवालय में बैठने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।

आरोप है कि सरकार द्वारा पंचायत भवन के लिए दिया गया कंप्यूटर, लैपटॉप और पूरा सिस्टम सचिवालय में लगाने के बजाय प्रधान व सचिव ने कहीं और रख लिया है, जिससे पंचायत सहायक को मजबूरन मोबाइल से काम करना पड़ता है। साथ ही, पिछले 5 वर्षों से मानदेय भी नियमित रूप से नहीं दिया गया है।

सचिवालय परिसर में लगे शिलापट्ट और दीवार पर दर्ज विवरण के अनुसार, इस बहुउद्देशीय पंचायत भवन का निर्माण मनरेगा अभिसरण के तहत वर्ष 2020-21 में कराया गया था। इसमें कुल परियोजना लागत 23.52 लाख रुपये (श्रम लागत 4.34 लाख और सामग्री लागत 19.18 लाख रुपये) दर्शाई गई है, लेकिन वर्तमान में भवन की हालत बद से बदतर हो चुका है।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai