वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल वन विकास निगम ने वन विहार के छः भालुओं को लिया गोद ▪️

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम ने निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के 6 भालुओं को एक वर्ष के लिए गोद लिया है। निगम के अध्यक्ष श्री रामनिवास रावत ने गुरुवार को वन्यप्राणी अंगीकरण योजना के तहत 6 लाख रुपये की अंगीकरण राशि का चेक प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा तथा वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के संचालक को सौंपा। इस अवसर पर अध्यक्ष ने वन विहार के शेष 9 भालुओं को भी गोद लेने की घोषणा की। इसके साथ ही वन विहार के सभी 15 भालुओं के अंगीकरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। निगम की CSR निधि से की गई इस पहल का उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन, बेहतर देखभाल, आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग देना है। मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जैव विविधता के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना विकसित करना भी इन प्रयासों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। निगम के प्रबंध संचालक मनोज कुमार अग्रवाल ने पर्यावरण एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए भालुओं के लिए अलग से संरक्षित क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा ने वन विकास निगम द्वारा भालुओं के अंगीकरण के लिए अध्यक्ष श्री रामनिवास रावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने निगम के वन क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वन्यजीव संरक्षण में दिए जा रहे सहयोग की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा की।उल्लेखनीय है कि वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वन्यप्राणी अंगीकरण योजना की शुरुआत 1 जनवरी 2009 को की गई थी। इस योजना का उद्देश्य व्यक्तिगत, संस्थागत, कॉर्पोरेट, सार्वजनिक उपक्रमों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जनभागीदारी एवं संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति अथवा संस्था वन विहार में उपलब्ध सूची के अनुसार किसी वन्यप्राणी को मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक अथवा वार्षिक आधार पर गोद ले सकता है। इसके लिए निर्धारित राशि मध्यप्रदेश टाइगर फाउंडेशन सोसायटी के नाम चेक अथवा बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा कर आवेदन करना होता है। अंगीकरण के लिए दी गई राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 80जी (5) के प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ भी मिलता है। गोद लेने वाले व्यक्ति अथवा संस्था के नाम की पट्टिका संबंधित वन्यप्राणी के बाड़े के सामने तथा वन विहार के दोनों प्रवेश द्वारों पर प्रदर्शित की जाती है। योजना के अंतर्गत अब तक कुल 115 वन्यप्राणियों को गोद लिया जा चुका है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai