मड़ियाहूं, जौनपुर। दबंगों द्वारा जबरन कराया जा रहा है आम रास्ते पर मकान का निर्माण, पीड़ित लोग दर-दर भटकने को मजबूर। थाना बरसठी क्षेत्र के ग्राम चंद्रभानपुर (बेलौना कला) में एक पुश्तैनी एवं सार्वजनिक रास्ते पर दबंगों द्वारा अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस व राजस्व विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि गाटा संख्या 409/2 उनकी पुश्तैनी आबादी है, जहाँ पुराना मकान गिरने के बाद उन्होंने दक्षिण दिशा की ओर नया निर्माण कराया और आगे की भूमि को आम ग्रामीणों के आवागमन रास्ता के लिए छोड़ दिया था।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि करीब 200 मीटर दूर रहने वाले पड़ोसी बीके मिश्रा और उनके परिजन इस रास्ते की भूमि पर जबरन मकान बनवा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, मार्ग पर एक छोर से इंटरलॉकिंग हो चुकी है, लेकिन निर्माण करा रहे पक्ष ने आगे इंटरलॉकिंग रुकवाकर मुख्य रास्ते पर ही कब्जा शुरू कर दिया है।
पीड़ित परिवार की एक विधवा महिला ने आरोप लगाया कि विपक्षी बीके मिश्रा, उनकी पत्नी शांति देवी, बहू पुष्पा तथा नातिन साक्षी व प्राची उन्हें अकेला पाकर झगड़ा करती हैं और उनके घर-दरवाजे पर भी अपना हक जताती हैं।
वहीं घर की एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि इस मार्ग से पहले दोपहिया वाहन और ठेला आदि गुजरते थे। रास्ता बंद होने का विरोध करने पर विपक्षी गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों व नाती को जान-माल की धमकी देते हैं।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वे पिछले एक साल से थाने, तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
पीड़ित ने बताया कि थाने जाने पर पुलिस एसडीएम के पास भेज देती है, जबकि तहसील प्रशासन इसे न्यायालय का मामला बताकर पल्ला झाड़ लेता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी नक्शे व अभिलेखों में रास्ता दर्ज होने तथा जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद पुलिस की शह पर अवैध निर्माण जारी है। आरोप यह भी है कि मड़ियाहूं तहसील के एक वकील घनश्याम भी विपक्षियों के समर्थन में मौके पर आकर मजदूरों को निर्माण जारी रखने के लिए उकसाते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध निर्माण ध्वस्त कर पूरे गाँव के आवागमन के लिए रास्ता अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि किया योगी आदित्यनाथ की सरकार आम जन के रास्ता पर हो रहे अबैध निर्माण को रोक पायेगी या दबंगो का होस बुलन्द होगा।









