धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। गृह कलह से तंग आकर विवाहिता ने की आत्महत्या, दो मासूम बच्चों को छोड़ गई। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गांव में सोमवार को 26 वर्षीय विवाहिता सोनम ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
क्षेत्र के महेवा निवासी रवि चौहान की लगभग एक वर्ष पूर्व कैली गांव के पास सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद उसकी पत्नी सोनम (26) गांव में ही अपने दो छोटे बच्चों के साथ ससुराल में रह रही थी।
सोनम का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन पूर्व युवक को घर में आते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने देख लिया था। जिसकी शिकायत प्रार्थना पत्र के माध्यम से स्थानीय पुलिस चौकी पर भी की गई थी। इसी बात को लेकर घर में लगातार कलह की स्थिति बनी हुई थी।
परिजनों के मुताबिक सोमवार भोर में जब परिवार सो रहा था, तभी सोनम घर की सीढ़ी से छत पर चढ़कर पीछे के रास्ते से बाहर निकल गई और गांव से सटे रेलवे ट्रैक पर चली गई। ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली ।सुबह शौच के लिए गई महिलाओं ने शव देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

सोनम अपने पीछे दो मासूम पुत्र – बुद्धू (6 वर्ष) और सुधु (4 वर्ष) छोड़ गई है। घटना के बाद ससुर कैलाश चौहान, जेठ विक्की चौहान, देवर सिक्की चौहान सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।










