त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। मंडली फल शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के द्वितीय दिवस में उद्यान विभाग द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में वैज्ञानिकों द्वारा फूलों की खेती, गमले में सब्जियों का उत्पादन, हाइड्रोपोनिक खेती, जैविक खेती प्राकृतिक खेती एवं किचन गार्डन की उपयोगिता आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में उपनिदेशक उद्यान कृष्ण मोहन चौधरी द्वारा बताया गया कि मनुष्य के जीवन में फल सब्जी को भोजन में सम्मिलित करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है। संतुलित आहार पर चर्चा करते हुए श्री चौधरी द्वारा बताया गया कि हमें दैनिक भोजन में फल पत्ती वाली सब्जी, जड़ वाली सब्जी आदि को सम्मिलित करना चाहिए, जिससे मनुष्य के स्वास्थ्य पर अनुकूल प्रभाव होता है। पुष्प प्रदर्शनी की संध्या में गजलों और गीतों से शाम को सजाने का कार्य आशुतोष श्रीवास्तव गजल गायक एवं रागनी चंद्र द्वारा लोकगीतों से किया गया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में अधीक्षक राजकीय उद्यान चंद्रशेखर आजाद पार्क उमेश चंद्र उत्तम द्वारा सभी वैज्ञानिकों को धन्यवाद व्यापित करते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधीक्षक राजकीय उद्यान चंद्रशेखर आजाद पार्क उमेश चंद्र उत्तम द्वारा बताया गया की पूरी प्रदर्शनी को 27 भागों में विभक्त किया गया है। प्रदर्शनी में 112 प्रतिभागियों द्वारा 1012 प्रदर्श को प्रदर्शित किया गया है। प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित किए गए प्रदर्शों का मूल्यांकन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। विजेता प्रतिभागियों को दिनांक 10 मार्च 2025 को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन विजय किशोर सिंह प्रभारी उद्यान औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र खुसरोबाग प्रयागराज द्वारा किया गया।
