त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम द्वारा प्रयाग महिला विद्यापीठ, सिविल लाइन्स, प्रयागराज में नारी सुरक्षित देश सुरक्षित परियोजना के अंतर्गत छात्राओं के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, व्यक्तिगत देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. साक्षी अग्रवाल (स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं लेप्रोस्कोपी सर्जन, देवपद क्लिनिक) ने सरल भाषा में स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी दी और छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन शशांक जैन ने स्वास्थ्य व स्वच्छता को जीवनशैली का अभिन्न अंग बताते हुए बालिकाओं को प्रेरित किया। प्रथम महिला श्रीमती प्रीति जैन ने डॉ. अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। प्रोग्राम चेयरमैन रोटेरियन जया मित्तल एवं को-चेयरमैन रोटेरियन दीपिका केसरवानी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन मनीष गर्ग (मीडिया प्रभारी) ने किया। उन्होंने रोटरी क्लब की सामाजिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए बताया कि यह अभियान आगे भी विभिन्न विद्यालयों व समुदायों में जारी रहेगा। कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह आयोजन एक प्रभावशाली सामाजिक पहल सिद्ध हुआ।










