धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। अलीनगर में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने संयुक्त कार्रवाई कर अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मानस नगर पोखरे के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 70 पीस आफ्टर डार्क ब्लू शराब की बोतलें (180 ml प्रति बोतल) बरामद की गईं। कुल बरामद शराब की मात्रा 12.6 लीटर है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के पटना जिले के निवासी रजनीश उर्फ राजा और आलोक राज के रूप में हुई है। रजनीश पंडारक थाना क्षेत्र के गोकिता गांव का रहने वाला है। वहीं आलोक राज कंकड़बाग थाना क्षेत्र के चिरैयाताल गांव का निवासी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे और वरिष्ठ कमांडेंट RPF जेथिन बी. राज के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर राजीव सिसोदिया के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रेन में चेन पुलिंग कर शराब की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को एक ट्रॉली बैग और एक पीठू बैग के साथ पकड़ा। थाना अलीनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










