धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 618 लीटर अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बोलेरो पिकअप सीज। सैयदराजा जनपद चंदौली में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन से 618 लीटर अवैध देशी शराब और बीयर बरामद करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देश पर अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना सैयदराजा पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्राम जेठमलपुर ओवरब्रिज, एनएच-19 के उत्तरी लेन कट स्थित पवन टी-स्टॉल के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वाहन संख्या BR24GC4673 महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन में रखी गई 15 भूसी की प्लास्टिक बोरियों के नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने वाहन से 18 पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब तथा 38 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर बरामद की। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रिंस कुमार यादव (28 वर्ष), निवासी विक्रमगंज, रोहतास (बिहार) तथा शुभम कुमार (19 वर्ष), निवासी सखनुसराय, सासाराम (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन भी बरामद किया है। इस संबंध में थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 197/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में थाना सैयदराजा की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










